किसान कर्जमाफी का स्टेटस खंगालने सवालों की झड़ी
भोपाल
पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार की सबसे महत्वकांक्षी जय किसान ऋण माफी योजना शिवराज सिंह चौहान की सरकार में भी चालू रहेगी या नहीं इस पर सरकार अब तक कुछ तय नहीं कर सकी है। इस संबंध में कांग्रेस के करीब आधा दर्जन विधायकों ने विधानसभा में सवाल उठाए, लेकिन हर सवाल पर कृषि मंत्री कमल पटेल ने एक ही जवाब दिया। किसानों की कर्ज माफी को लेकर कांग्रेस विधायक प्रताप ग्रेवाल सहित पूर्व मंत्री आरिफ अकील, बाला बच्चन, जीतू पटवारी और सुरेंद्र सिंह बघेल ने सवाल किए थे।
ग्रेवाल ने अपने सवाल में पूछा था कि क्या कमलनाथ सरकार ने कर्ज माफी की घोषणा संवैधानिक अधिकार के तहत की थी, यदि हां तो उस पर पुन: विचार करने की प्रक्रिया प्रारंभ करना किस नियम के तहत है ? वर्ष 2020-21 का कृषि बजट वर्ष 2019-20 की तुलना में 46 प्रतिशत कम क्यों बनाया गया था?
वहीं आरिफ अकील ने पूछा कि क्या शासन जय किसान ऋण माफी योजना बंद करने पर विचार कर रहा है? सुरेंद्र सिंह बघेल ने पूछा कि धार जिले में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत दूसरे चरण में कितने किसानों के कर्ज माफ किए गए? तीसरे चरण के अंतर्गत दो लाख रुपए की कर्ज माफी के प्रकरण कब तक निराकृत होंगे? बाला बच्चन ने पूछा कि एक सितम्बर 2020 से 25 जनवरी 2021 तक जय किसान फसल ऋण माफी योजना की कितनी समीक्षा बैठक कब-कब हुई, बैठक में शामिल अधिकारियों के नाम भी उन्होंने पूछे थे। जीतू पटवारी ने किसान ऋण माफी योजना पर समग्र रूप से विचार के लिए शासन ने कौन-कौन से बिंदु तय किए थे, किस संवैधानिक नियम से अब इस योजना पर समग्र रूप से विचार किया जा रहा है?
इन सभी विधायकों के सवालों के कृषि मंत्री कमल पटेल ने एक सा ही लिखित जवाब दिया। उन्होंने सभी के प्रश्नों के उत्तर में बताया कि जानकारी एकत्रित की जा रही है।

पाठको की राय